Twisha Sharma death case: ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीबीआई ने दोनों आरोपियों पति समर्थ सिंह और सास एवं पूर्व जज गिरिबाला सिंह को कोर्ट में पेश किया है। दोनों को शोभना भलावे की अदालत में पेश करते हुए सीबीआई ने पांच दिन की रिमांड मांगी है।
इससे पहले जांच एजेंसी ने समर्थ सिंह का मेडिकल कराया था। गिरिबाला सिंह को सीबीआई ने गुरुवार को गिरफ्तार किया था, जबकि समर्थ सिंह पहले से ही एजेंसी की हिरासत में है। सीबीआई ने दोनों आरोपियों को रात में अलग-अलग बैरकों में रखा और उन्हें आपस में बातचीत का कोई मौका नहीं दिया।
गौरतलब है कि सीबीआई ने गिरिबाला सिंह को बतौर आरोपी उसी अदालत में पेश किया है, जहां वह पहले जिला जज रह चुकी हैं।
माना जा रहा है कि दोनों आरोपियों की रिमांड मिलने के बाद सीबीआई ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े कई अहम तथ्यों का खुलासा कर सकती है। जांच एजेंसी ने गिरिबाला सिंह से पूछताछ के लिए सवालों की सूची भी तैयार कर ली है।
7 घंटे की पूछताछ के बाद हुई गिरफ्तारी
मध्य प्रदेश हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत रद्द होने के बाद सीबीआई गुरुवार सुबह गिरिबाला सिंह के घर पहुंची थी। एजेंसी ने करीब सात घंटे तक उनसे पूछताछ की। इसके बाद उन्हें मेडिकल जांच के लिए भोपाल एम्स ले जाया गया और फिर सबूत छिपाने तथा नष्ट करने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया।
कंज्यूमर फोरम में अब भी जिला अध्यक्ष
गिरिबाला सिंह फिलहाल कंज्यूमर फोरम में जिला अध्यक्ष के पद पर तैनात हैं। हालांकि, राज्य सरकार ने उन्हें पद से हटाने के लिए 20 मई को ही उपभोक्ता आयोग को पत्र भेज दिया था, लेकिन अब तक उन्हें पद से बर्खास्त नहीं किया गया है।
12 मई को संदिग्ध हालत में मिला था शव
ट्विशा शर्मा की मौत 12 मई को ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उनका शव घर की छत पर जिम्नास्टिक हुक से बेल्ट के सहारे लटका मिला था। ट्विशा के परिजनों ने पति और सास पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
हाईकोर्ट की मंजूरी के बाद ट्विशा शर्मा का दोबारा पोस्टमॉर्टम भी कराया गया था। फिलहाल पूरे मामले की जांच सीबीआई कर रही है।
