छोटे पर्दे की मशहूर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी और अभिनेता विवेक दहिया के घर खुशियों ने दस्तक दी है। शादी के करीब 10 साल बाद यह लोकप्रिय टीवी कपल पहली बार माता-पिता बना है। दिव्यांका और विवेक ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फैंस के साथ यह खास खुशखबरी साझा की और बताया कि उनके घर जुड़वा बेटों का जन्म हुआ है।
कपल ने एक खूबसूरत एनिमेटेड पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “इंतजार आखिरकार खत्म हुआ… ‘The Boys’ आ गए हैं और जिंदगी पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत लग रही है। मेरे करण अर्जुन आ गए।” पोस्ट में आगे लिखा गया, “दिव और मैं माता-पिता बनने के इस नए सफर की शुरुआत कर रहे हैं। हमें आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है।”
पोस्ट में एक प्यारा ग्राफिक भी साझा किया गया, जिसमें दो छोटे बच्चे नीले रंग के बुने हुए कपड़ों में बादलों और तारों के बीच बैठे नजर आ रहे थे। इसके साथ कैप्शन में लिखा गया, “हमने खुशियां मांगी थीं… भगवान ने कहा, ‘दोगुनी ले लो’।”
दिलचस्प बात यह है कि खुशखबरी साझा करने से एक दिन पहले ही विवेक दहिया ने दिव्यांका के साथ अपनी ‘डेट नाइट’ की तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी। तस्वीर में दोनों बेहद खुश नजर आ रहे थे। विवेक ने कैप्शन में लिखा था, “एक यादगार डेट…”
गौरतलब है कि इस साल 19 मार्च को गुड़ी पड़वा के मौके पर दिव्यांका और विवेक ने अपने फैंस को प्रेग्नेंसी की जानकारी दी थी। इसके बाद से ही फैंस लगातार इस कपल के माता-पिता बनने का इंतजार कर रहे थे।
इससे पहले एक इंटरव्यू में विवेक दहिया ने पिता बनने की खबर पर अपनी पहली प्रतिक्रिया साझा करते हुए कहा था कि शुरुआत में वह काफी घबरा गए थे। उन्होंने कहा था कि उन्हें अचानक एहसास हुआ कि अब जिंदगी में एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी आने वाली है। हालांकि, बाद में यह एहसास उनके लिए बेहद खास और खुशी भरा बन गया।
टीवी इंडस्ट्री और फैंस अब इस कपल को लगातार बधाइयां दे रहे हैं। ये हैं मोहब्बतें से लोकप्रिय हुई इस जोड़ी की जिंदगी में आए इस नए अध्याय को लेकर फैंस काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।
