सतना: मध्य प्रदेश के सतना जिले के कोठी थाना क्षेत्र अंतर्गत रनेही गांव में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक शादी समारोह उस समय दर्दनाक घटना में बदल गया, जब मामूली विवाद के बाद एक युवक की हत्या कर दी गई। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और शादी का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार मृतक रोहित डोहर (24 वर्ष) पिता रामलाल, निवासी गौरा मेदनीपुर, शादी समारोह में शामिल होने के लिए रनेहीं गांव गया था। वहां खाने-पीने को लेकर उसका हलवाई सतीश डोहर से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि बाद में जब रोहित अपने गांव लौट रहा था, तभी आरोपी सतीश ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने सब्जी काटने वाले चाकू से रोहित पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लहूलुहान हालत में उसे कोठी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियों का माहौल गम में बदल गया।
सूचना मिलने पर कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया गया। शुक्रवार सुबह फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी संतोष तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे। मृतक रोहित वकालत की प्रैक्टिस कर रहा था, जबकि आरोपी हलवाई का काम करता है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है और मामले की गहन जांच जारी है।
