Madalsa Sharma Casting Couch: अभिनेत्री मदालसा शर्मा ने मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में अपने शुरुआती दिनों के दौरान सामने आए एक “कास्टिंग काउच” अनुभव को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने ‘द मेल फेमिनिस्ट’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान बताया कि एक जाने-माने डायरेक्टर ने उनसे ऐसी मांग की थी, जिसने उन्हें असहज स्थिति में डाल दिया था।
मदालसा के अनुसार यह घटना तब की है जब वह लगभग 19 साल की थीं और एक फिल्म प्रोजेक्ट के सिलसिले में उन्हें मीटिंग के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि डायरेक्टर ने उनसे कहा था कि वह ऐसी एक्ट्रेस की तलाश में हैं जो बिकिनी पहनने में सहज हो। शुरुआत में उन्होंने इसे सामान्य प्रोफेशनल चर्चा समझकर हामी भर दी थी, लेकिन बातचीत आगे बढ़ने पर स्थिति बदल गई।
एक्ट्रेस ने बताया कि डायरेक्टर ने उनसे यह देखने की कोशिश की कि क्या वह उनके सामने बिकिनी पहनने में सहज होंगी, ताकि उनकी बॉडी लैंग्वेज को समझा जा सके। इस पर मदालसा ने साफ शब्दों में आपत्ति जताई और कहा कि एक कलाकार के रूप में वह किसी भी किरदार की जरूरत के अनुसार कैमरे के सामने कोई भी कॉस्ट्यूम पहनने के लिए तैयार हैं, चाहे वह बिकिनी हो, साड़ी हो या लहंगा, लेकिन इसे किसी के सामने व्यक्तिगत रूप से प्रदर्शित करना उनके लिए स्वीकार्य नहीं है।
मदालसा ने बताया कि उन्होंने उस समय स्पष्ट कर दिया था कि यदि उन्हें उनके प्रोफेशनल काम पर भरोसा है तो उन्हें कास्ट किया जाए, अन्यथा वह वहां से जा सकती हैं। इसके बाद वह मीटिंग छोड़कर बाहर आ गईं और उन्होंने इस घटना को ज्यादा तवज्जो नहीं दी।
बाद में उन्होंने बताया कि कुछ समय बाद उन्हें उसी प्रोजेक्ट से जुड़ी एक रिपोर्ट पढ़ने को मिली, जिसमें यह सामने आया कि उस प्रोजेक्ट से जुड़े डायरेक्टर और एक्ट्रेस के बीच व्यक्तिगत संबंध थे।
मदालसा शर्मा को टीवी शो ‘अनुपमा’ में काव्या के किरदार से खास पहचान मिली है। इस शो में उनका किरदार ग्रे शेड्स वाला था, जबकि रूपाली गांगुली मुख्य भूमिका में नजर आई थीं। यह सीरियल एक हाउसवाइफ की कहानी पर आधारित है, जो रिश्तों और सामाजिक मान्यताओं को चुनौती देती है।
