Delhi NCR Weather Today: दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। 30 अप्रैल को राजधानी में नए पश्चिमी विक्षोभ का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है, जिसके चलते पिछले 24 घंटों में कई इलाकों में हल्की बारिश दर्ज की गई। आज भी शहर में बादलों की आवाजाही बनी रहने के साथ आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है और इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी उम्मीद है। इस बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
हालांकि यह राहत ज्यादा दिन टिकने वाली नहीं है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 1 और 2 मई को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है। इन दिनों तापमान में फिर से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी और पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान भी 26 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे गर्मी का असर एक बार फिर महसूस होगा।
मौसम में यह उतार-चढ़ाव यहीं खत्म नहीं होगा। 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करने वाला है, जिसका असर दिल्ली-एनसीआर पर भी पड़ेगा। इसके चलते 3 मई से राजधानी में एक बार फिर मौसम बदलेगा और बादल छाने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना बनेगी। इस दौरान 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो खराब मौसम के दौरान 45 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
4 और 5 मई को भी दिल्ली-एनसीआर में बादल छाए रहने और आंधी-बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई गई है। इन दिनों हल्की बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 3 मई को अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री रह सकता है, जबकि 4 से 6 मई के बीच अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। न्यूनतम तापमान भी 23 से 25 डिग्री के आसपास रह सकता है।
फिलहाल 30 अप्रैल को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम के इस बदलते मिजाज के कारण कभी गर्मी तो कभी राहत का दौर जारी रहेगा।
