व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा से जुड़ी एक गंभीर घटना को लेकर कई अहम बयान दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि वॉशिंगटन में हुए व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान हुई गोलीबारी, राष्ट्रपति ट्रंप पर हुआ एक और बड़ा हमला था और यह उनके खिलाफ तीसरी गंभीर कोशिश मानी जा रही है।
लीविट के अनुसार, इस घटना के दौरान राष्ट्रपति ट्रंप ने उस सीक्रेट सर्विस एजेंट से भी बातचीत की, जिसे गोली लगी थी। उन्होंने बताया कि यह घटना इस बात की याद दिलाती है कि होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के लिए पर्याप्त फंडिंग और मजबूत सुरक्षा व्यवस्था कितनी जरूरी है।
यह घटना शनिवार रात वॉशिंगटन के हिल्टन होटल में उस समय हुई, जब लगभग 2300 से ज्यादा मेहमान मौजूद थे और राष्ट्रपति ट्रंप के संबोधन से पहले अचानक गोलीबारी शुरू हो गई। कुछ ही पलों में कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। इस मामले में 31 वर्षीय कोल टोमस एलन नाम के व्यक्ति को आरोपी बताया गया है।
कैरोलिन लीविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का सीक्रेट सर्विस पर पूरा भरोसा बना हुआ है और उनकी सुरक्षा को लेकर उच्च स्तरीय समीक्षा की जाएगी। उन्होंने बताया कि होमलैंड सिक्योरिटी विभाग और व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था में जरूरी बदलावों पर विचार किया जाएगा।
लीविट ने यह भी आरोप लगाया कि राष्ट्रपति, उनके परिवार और समर्थकों के खिलाफ फैलाए जा रहे झूठे और भड़काऊ आरोपों के कारण कुछ अस्थिर मानसिकता वाले लोग हिंसा की ओर प्रेरित हो रहे हैं, जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए।
उन्होंने सीक्रेट सर्विस एजेंटों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने तुरंत कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया और कई लोगों की जान बचाई। लीविट के मुताबिक, गोली लगने के बावजूद एजेंट की जान बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बच गई।
उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप के व्यवहार की भी तारीफ की और कहा कि ऐसे अराजक हालात में उनका शांत रहना उल्लेखनीय था। कैरोलिन लीविट ने इस पूरी घटना को बेहद गंभीर बताते हुए कहा कि यह एक ऐसा अनुभव है जिसे वह कभी नहीं भूल पाएंगी।
