Xiaomi ने भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करते हुए Redmi A7 सीरीज के दो नए बजट स्मार्टफोन, Redmi A7 Pro 4G और Redmi A7 4G लॉन्च कर दिए हैं। ये दोनों डिवाइस खासतौर पर उन यूजर्स के लिए पेश किए गए हैं जो किफायती दाम में आधुनिक फीचर्स की तलाश में हैं। इनकी बिक्री 23 अप्रैल से Amazon, Flipkart और Xiaomi के रिटेल स्टोर्स पर शुरू हो गई है।
डिस्प्ले और डिजाइन
डिस्प्ले के मामले में Redmi A7 Pro 4G में 6.9 इंच का बड़ा LCD डिस्प्ले दिया गया है, जबकि Redmi A7 4G में 6.88 इंच की स्क्रीन मिलती है। खास बात यह है कि दोनों ही फोन 120Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करते हैं, जो बजट सेगमेंट में एक बेहतरीन फीचर है। सुरक्षा के लिहाज से दोनों स्मार्टफोन को IP52 रेटिंग मिली है, जो इन्हें धूल और पानी की हल्की छींटों से बचाती है।
परफॉर्मेंस और सॉफ्टवेयर
दोनों स्मार्टफोन्स में Unisoc T7250 प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है। जहां Pro मॉडल में 4GB RAM दी गई है, वहीं स्टैंडर्ड मॉडल में 3GB RAM उपलब्ध है। दोनों ही फोन 64GB इंटरनल स्टोरेज के साथ आते हैं, जिसे माइक्रो SD कार्ड के जरिए 2TB तक बढ़ाया जा सकता है।
सॉफ्टवेयर के मोर्चे पर Redmi A7 Pro 4G ज्यादा उन्नत है, जो Android 16 आधारित HyperOS 3 पर चलता है और इसमें 4 साल के OS अपडेट का वादा किया गया है। दूसरी ओर, Redmi A7 4G Android 15 आधारित HyperOS 2 पर काम करता है।
Looking for a phone that is stylish and strong? The #RedmiA7Series is here, with the Royale Design and a massive battery.
— Redmi India (@RedmiIndia) April 21, 2026
The perfect #NoTensionSmartphone for everyone. Starting at ₹10,499*.
Know More:
REDMI A7 – https://t.co/vo2ontlPhG
REDMI A7 Pro – https://t.co/IJQjvTgHCJ pic.twitter.com/QnIhxrsLPs
कैमरा और बैटरी
फोटोग्राफी के लिए दोनों फोन में 13 मेगापिक्सल का रियर कैमरा और सेल्फी के लिए 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा दिया गया है। बैटरी क्षमता में अंतर देखने को मिलता है; Pro मॉडल में 6300mAh की विशाल बैटरी है, जबकि स्टैंडर्ड मॉडल में इससे थोड़ी छोटी बैटरी दी गई है। दोनों डिवाइस 15W चार्जिंग और 7.5W रिवर्स चार्जिंग को सपोर्ट करते हैं।
कीमत और उपलब्धता
- Redmi A7 Pro 4G: इसकी कीमत 11,499 रुपये है और यह Black व Sky Sunset Orange रंगों में उपलब्ध है।
- Redmi A7 4G: इसकी कीमत 10,499 रुपये रखी गई है और यह Black व Sky Blue रंगों में आता है।
ये दोनों ही स्मार्टफोन Xiaomi के आधिकारिक ऑनलाइन और ऑफलाइन स्टोर्स के साथ प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।
