TIME-100 List 2026: दुनिया की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘टाइम’ (TIME) ने साल 2026 के लिए अपनी बहुप्रतीक्षित TIME-100 सूची जारी कर दी है। इस सूची में उन 100 लोगों को शामिल किया जाता है, जिन्होंने वैश्विक स्तर पर अपने काम और प्रभाव से अलग पहचान बनाई है। इसमें राजनीति, टेक्नोलॉजी, उद्योग, खेल, कला और सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी बड़ी हस्तियां शामिल होती हैं।
इस साल की सूची में कई बड़े वैश्विक नेताओं को जगह मिली है, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू और कैथोलिक चर्च के प्रमुख पोप लियो XIV शामिल हैं। इसके अलावा कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी और मैक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबॉम जैसे नेता भी इस सूची का हिस्सा बने हैं।
हालांकि, इस बार भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सूची में जगह नहीं मिली है, जो चर्चा का विषय बना हुआ है।
भारत से तीन नाम शामिल
इस बार TIME-100 सूची में भारत से जुड़े तीन प्रमुख नाम शामिल किए गए हैं। गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और टेक्नोलॉजी में उनके योगदान के लिए जगह मिली है। वहीं बॉलीवुड अभिनेता रणबीर कपूर को मनोरंजन के क्षेत्र में उनके प्रभाव के चलते शामिल किया गया है। इसके अलावा मशहूर शेफ विकास खन्ना को भी वैश्विक स्तर पर भारतीय खानपान को पहचान दिलाने के लिए सूची में स्थान दिया गया है।
टेक और बिजनेस जगत के दिग्गज भी शामिल
सूची में टेक्नोलॉजी और बिजनेस सेक्टर से भी कई बड़े नाम शामिल हैं। इसमें यूट्यूब के सीईओ नील मोहन, स्पेसएक्स की ग्वेन शॉटवेल, एंथ्रोपिक के डारियो और डैनिएला एमोडेई जैसे प्रमुख नाम शामिल हैं। इसके अलावा कई वैश्विक उद्योगपति और निवेशक भी इस सूची का हिस्सा बने हैं।
कला और मनोरंजन जगत की हस्तियां
मनोरंजन जगत से भी कई कलाकारों को TIME-100 में जगह मिली है। इसमें हॉलीवुड और वैश्विक सिनेमा से जुड़े कई अभिनेता, लेखक और निर्देशक शामिल हैं। यह सूची हर साल दुनिया भर में सांस्कृतिक प्रभाव डालने वाले लोगों को भी पहचान देती है।
