Asha Bhosle health update: हिंदी सिनेमा की दिग्गज पार्श्व गायिका और सुरों की मलिका आशा भोसले के स्वास्थ्य को लेकर पिछले कुछ घंटों से सोशल मीडिया पर चल रही खबरों ने उनके प्रशंसकों को गहरी चिंता में डाल दिया था। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि 11 अप्रैल शनिवार को उन्हें ‘कार्डियक अरेस्ट’ आया है, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, अब उनकी पोती जनाई भोसले ने इन खबरों का खंडन करते हुए उनकी सेहत पर आधिकारिक अपडेट दिया है।
कार्डियक अरेस्ट नहीं, चेस्ट इन्फेक्शन है वजह
आशा भोसले की पोती जनाई भोसले ने एक आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया कि कार्डियक अरेस्ट की खबरें महज अफवाह हैं। जनाई ने बताया कि आशा ताई को अधिक थकान और चेस्ट इन्फेक्शन (सीने में संक्रमण) की वजह से अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने प्रशंसकों से परिवार की निजता का सम्मान करने का अनुरोध किया और कहा कि उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है और जल्द ही स्वास्थ्य से जुड़ी सकारात्मक खबर साझा की जाएगी।
My grandmother, Asha Bhosle due to extreme exhaustion and suffering a chest infection has been admitted to hospital and we request you to value our privacy. Treatment is ongoing and hopefully everything will be well and we shall update you positively.
— Zanai Bhosle (@ZanaiBhosle) April 11, 2026
9 साल की उम्र से शुरू हुआ जादुई सफर
8 सितंबर 1933 को सांगली में जन्मी आशा भोसले का जीवन संघर्षों और सफलताओं की एक प्रेरणादायक कहानी है। महज 9 साल की उम्र में पिता दीनानाथ मंगेशकर के निधन के बाद, उन्होंने और उनकी बड़ी बहन लता मंगेशकर ने परिवार की आर्थिक मदद के लिए गाना शुरू कर दिया था। आशा ताई ने अपना पहला गाना साल 1943 में एक मराठी फिल्म के लिए गाया, जबकि 1948 में फिल्म ‘चुनरिया’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज है नाम
आशा भोसले की बहुमुखी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने शास्त्रीय संगीत से लेकर पॉप, गजल और भजन तक हर शैली में अपनी आवाज का जादू बिखेरा है। साल 2011 में उनका नाम ‘गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ में संगीत इतिहास में सबसे अधिक स्टूडियो रिकॉर्डिंग करने वाली कलाकार के रूप में दर्ज किया गया था।
20 भाषाओं में गाए 12 हजार से ज्यादा गाने
दुनियाभर में ‘आशा ताई’ के नाम से मशहूर इस दिग्गज कलाकार ने 20 से अधिक भारतीय और विदेशी भाषाओं में 12,000 से भी ज्यादा गानों को अपनी आवाज दी है। ‘दम मारो दम’, ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’ और ‘इन आंखों की मस्ती’ जैसे उनके हजारों गाने आज भी लोगों की जुबान पर रहते हैं। फिलहाल, पूरा देश उनकी जादुई आवाज की वापसी और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है।
