युद्धविराम के बीच बढ़ी बयानबाजी, ट्रंप की चेतावनी—ईरान को हथियार देने वाले देशों पर लगेगा 50% टैरिफ

US Iran Ceasefire: अमेरिका और ईरान के बीच 39 दिनों तक चले भीषण संघर्ष के बाद आखिरकार दो सप्ताह के लिए युद्धविराम की घोषणा कर दी गई है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे विश्व शांति के लिए एक महत्वपूर्ण दिन बताया है।

ईरान और अमेरिका के बीच युद्धविराम लागू होने के बावजूद दोनों देशों के बीच जुबानी जंग जारी है। दावों और प्रतिदावों के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान को सैन्य हथियार आपूर्ति करने वाले किसी भी देश पर तुरंत 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा।

ट्रंप ने स्पष्ट किया कि ईरान को हथियार बेचने या सप्लाई करने वाले किसी भी देश द्वारा अमेरिका को निर्यात किए जाने वाले सभी सामानों पर 50% शुल्क तत्काल प्रभाव से लागू होगा और इसमें कोई छूट या अपवाद नहीं होगा।

इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका, ईरान के साथ मिलकर उसके उस संवर्द्धित यूरेनियम को “खोदकर निकालने” का काम करेगा, जो पिछले साल गर्मियों में अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमलों के दौरान जमीन में दब गया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि यूरेनियम का संवर्धन नहीं किया जाएगा और जून में हुए हमलों के बाद से इस सामग्री को छुआ तक नहीं गया है, हालांकि ईरान ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

ट्रंप ने यह भी कहा कि यदि अमेरिका और ईरान के बीच समझौता होता है, तो जमीन में दबी इस सामग्री को निकालने का बड़ा अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि अमेरिका ईरान के साथ टैरिफ और प्रतिबंधों में राहत को लेकर बातचीत कर रहा है।

गौरतलब है कि दोनों देशों के बीच 39 दिनों तक चले युद्ध के बाद दो सप्ताह के लिए युद्धविराम लागू किया गया है। ट्रंप ने इस युद्धविराम को “विश्व शांति के लिए एक बड़ा दिन” बताया। वहीं, वार्ता की मध्यस्थता कर रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार तड़के जानकारी दी कि यह युद्धविराम तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।

हालांकि, इस घोषणा से कुछ ही घंटे पहले ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि यदि ईरान ने होर्मुज नहीं खोला, तो “आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी।”

इस बीच ईरानी सरकारी मीडिया ने एक 10-सूत्रीय प्रस्ताव का विवरण जारी किया है, जो आगामी वार्ता का आधार बनेगा। प्रस्ताव में अमेरिका द्वारा भविष्य में किसी भी सैन्य आक्रमण से परहेज, होर्मुज पर ईरान का नियंत्रण, यूरेनियम संवर्धन के अधिकार की मान्यता, सभी अमेरिकी प्रतिबंधों को हटाने, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के प्रस्तावों को समाप्त करने, युद्ध के नुकसान की भरपाई, क्षेत्र से अमेरिकी सैन्य बलों की वापसी और ईरान समर्थित समूहों पर हमले रोकने जैसी शर्तें शामिल हैं।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale