इस्लामाबाद: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर सोशल मीडिया पर उनकी गोली मारकर हत्या किए जाने की अफवाहें तेजी से फैलीं, जिसके बाद पाकिस्तान सरकार को स्पष्टीकरण जारी करना पड़ा। सरकार ने इन दावों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि जेल में बंद इमरान खान पूरी तरह सुरक्षित हैं और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। इस बीच, इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने इस्लामाबाद हाई कोर्ट में उनकी रिहाई के लिए याचिका दायर की है।
केपी के मुख्यमंत्री अली अमीन गंदापुर द्वारा दायर याचिका में तर्क दिया गया है कि राजनीति से प्रेरित मामलों में इमरान खान की लंबे समय तक हिरासत उनके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है और स्वास्थ्य के लिए भी खतरा है। याचिका में भारत के साथ मौजूदा युद्ध की स्थिति और अदियाला जेल पर ड्रोन हमले की आशंका को देखते हुए राष्ट्रीय सद्भाव और एकजुटता के लिए उन्हें तुरंत पैरोल/प्रोबेशन पर रिहा करने का अनुरोध किया गया है। PTI का कहना है कि हिरासत में इमरान खान के जीवन को खतरा है।
