हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एयर इंडिया से जुड़ी यह खबर बेहद महत्वपूर्ण है। देश की प्रमुख एयरलाइन एयर इंडिया ने अपनी उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज (ईंधन शुल्क) बढ़ाने का निर्णय लिया है। एयरलाइन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई में आई बाधाओं और वैश्विक परिस्थितियों के कारण विमान ईंधन (ATF) की कीमतों में भारी उछाल आया है, जिसके कारण कंपनी को यह वित्तीय बोझ यात्रियों के साथ साझा करना पड़ रहा है।
एविएशन टर्बाइन फ्यूल की बढ़ती कीमतें एयरलाइनों के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं, क्योंकि किसी भी उड़ान के संचालन खर्च का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा अकेले ईंधन पर खर्च होता है। भारत के प्रमुख शहरों में ईंधन पर लगने वाले उच्च करों ने इस समस्या को और गंभीर बना दिया है। एयर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि इस अतिरिक्त खर्च को संतुलित करने के लिए फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी एक अनिवार्य कदम है।
#ImportantUpdate
— Air India (@airindia) March 10, 2026
Air India group has announced expanded fuel surcharges on domestic and international routes, following a steep rise in jet fuel prices driven by the Gulf region’s geopolitical situation. The new fuel surcharges – also applicable to Air India Express – will be…
कंपनी इस नए शुल्क को एक साथ लागू करने के बजाय तीन अलग-अलग चरणों में लागू करेगी। पहले चरण की शुरुआत 12 मार्च से होगी, जिसमें घरेलू उड़ानों और पड़ोसी देशों की फ्लाइट्स पर लगभग 399 रुपये का अतिरिक्त चार्ज देना होगा। वहीं, पश्चिम एशिया की उड़ानों पर करीब 10 डॉलर का सरचार्ज लगेगा। दूसरे चरण में 18 मार्च से यूरोप, उत्तर अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया जैसी लंबी दूरी की अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर शुल्क बढ़ाया जाएगा, जिससे इन रूटों के टिकट महंगे हो सकते हैं। तीसरे और अंतिम चरण में जापान, हांगकांग और दक्षिण कोरिया जैसे एशियाई देशों की उड़ानों को इसके दायरे में लाया जाएगा।

राहत की बात यह है कि जिन यात्रियों ने इन प्रभावी तारीखों से पहले ही अपने टिकट बुक कर लिए हैं, उन पर इस नए फ्यूल सरचार्ज का कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि, यदि कोई यात्री पहले से बुक टिकट की तारीखों में बदलाव करता है, तो उसे नए किराए और लागू शुल्कों का भुगतान करना होगा। एयरलाइन ने संकेत दिया है कि भविष्य में यदि कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आती है, तो इस सरचार्ज की समीक्षा कर इसे कम भी किया जा सकता है।
