नई दिल्ली: उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम ने आज यानी 27 जनवरी को सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ के कारण बेमौसमी बदलाव ला दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, पंजाब, हरियाणा और आसपास के राज्यों में बारिश के आसार हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 26 और 27 जनवरी को तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और गरजने की चेतावनी जारी है। हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में 27 जनवरी को भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में भी बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 27 और 28 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि छत्तीसगढ़ में 28 जनवरी को बरसात होने की चेतावनी है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कई जगह ओलावृष्टि की संभावना भी बनी हुई है। बिहार में 28 जनवरी को बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में 27 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश और केरल तथा माहे में भी बारिश के आसार हैं।

सर्दी और कोहरे के मामले में भी मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। मैदानी इलाकों में तापमान में गिरावट और घना कोहरा देखने को मिल सकता है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान मंगलवार सुबह 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि नोएडा और गाजियाबाद में यह 5 डिग्री के आसपास रहा। उत्तराखंड में 27 जनवरी, हिमाचल प्रदेश में 28 से 31 जनवरी, उत्तर प्रदेश में 27, 29 और 30 जनवरी, राजस्थान में 28 से 30 जनवरी, बिहार में 29 से 31 जनवरी, और पंजाब-हरियाणा व चंडीगढ़ में 28 से 31 जनवरी तक शीतलहर और कोहरे की चेतावनी जारी है।
दिल्ली में मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पालम में 9.2, लोधी रोड में 8.4, रिज में 8.7 और आयानगर में 8.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए बताया कि सुबह से दोपहर तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश, गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना है। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
