हैफा/तेहरान: मध्य पूर्व में तनाव चरम पर पहुंच गया है। ईरान और इजरायल के बीच संघर्ष अब सीधे सैन्य ठिकानों से आगे बढ़कर शहरी क्षेत्रों तक पहुंच गया है। रविवार रात ईरान की ओर से इजरायल के उत्तरी शहर हैफा पर FATTAH-1 हाइपरसोनिक मिसाइलों से हमला किया गया, जो लगातार दूसरा हमला है। इस बार दो इमारतों को निशाना बनाया गया, जो खाली थीं, लेकिन पार्किंग में खड़ी कई गाड़ियां जलकर खाक हो गईं। आसपास के इलाकों में 4 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
इससे पहले शनिवार रात को हैफा स्थित एक रिफाइनरी को निशाना बनाया गया था। तब इजरायल का एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय हुआ था, लेकिन रविवार को FATTAH-1 मिसाइलों ने सुरक्षा घेरे को भेदते हुए सीधे इमारतों पर हमला कर दिया।
इस हमले के जवाब में रविवार देर रात इजरायली मिसाइलों ने तेहरान स्थित ईरान के विदेश मंत्रालय को निशाना बनाया। ताजा तस्वीरें इमारत को हुए भारी नुकसान को दर्शा रही हैं। बताया जा रहा है कि इस हमले में कई मंत्रालय कर्मी घायल हुए हैं।
इजरायली हमले का एक अन्य टारगेट IRGC का खुफिया विभाग था। जनरल मोहम्मद काज़ेमी, और दो इंटेलिजेंस कमांडर हसन मोहक़िक और मोहसिन बाघेरी की मौत की पुष्टि IRGC द्वारा की गई है।
ईरान की सशस्त्र सेनाओं के प्रवक्ता कर्नल रेजा सैय्यद ने चेतावनी दी है कि यह जवाबी हमला सिर्फ शुरुआत है। उन्होंने इजरायल के नागरिकों को चेतावनी दी है कि वे उन क्षेत्रों को तुरंत खाली कर दें “जिन पर इजरायल ने गैरकानूनी कब्जा कर रखा है।”
