India-UAE Friendship: भारत और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के संबंधों में एक और सकारात्मक कदम देखने को मिला है। UAE सरकार ने अपने नेशनल डे (ईद अल एतिहाद) के अवसर पर 900 से अधिक भारतीय कैदियों को रिहा करने का फैसला किया है। अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास को रिहा होने वाले कैदियों की सूची सौंप दी गई है।
UAE ने यह निर्णय मानवीय आधार पर लिया है और रिहा किए गए कैदियों पर उनकी सजा के हिस्से के रूप में लगाए गए वित्तीय दंड यानी जुर्माने को भी माफ कर दिया गया है। इससे कैदियों के परिवारों को आर्थिक बोझ से राहत मिलेगी और वे अपने प्रियजनों के पुनर्वास में मदद कर सकेंगे।
ईद अल एतिहाद 2 दिसंबर को UAE का नेशनल डे होता है और यह समारोह 1971 में सात अमीरात के एकीकरण की याद दिलाता है। पिछले साल भी इस अवसर पर UAE ने 2937 कैदियों को रिहा किया था।
भारत और UAE के संबंध इस दौरान और मजबूत हुए हैं। UAE के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत का आधिकारिक दौरा किया। इस दौरे के दौरान दोनों देशों ने रणनीतिक रक्षा साझेदारी के लिए आशय पत्र पर हस्ताक्षर किए और क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया।
UAE ने 2026 में भारत की BRICS अध्यक्षता के लिए भी अपना पूर्ण समर्थन दिया। इस कदम से भारत-UAE संबंधों में दोस्ताना और सहयोगी माहौल और मजबूत हुआ है।
