जर्मनी में एक विमान के हवा में उड़ते समय उसके इंजन में आग लगने से हड़कंप मच गया। इस विमान में 273 यात्री और 8 क्रू सदस्य सवार थे। शनिवार रात को यह विमान ग्रीस के कॉर्फू से डसेलडॉर्फ के लिए उड़ान भर रहा था। उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद, विमान के दाहिने इंजन से आग की लपटें दिखाई देने लगीं, जिसके बाद विमान को इटली के ब्रिंडिसी में आपात लैंडिंग करनी पड़ी।
इस घटना का एक डरावना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विमान के दाहिने इंजन से चिंगारियां और आग की लपटें निकलती दिख रही हैं। एविएशन न्यूज़ प्लेटफॉर्म FL360aero ने दावा किया है कि आग लगने का कारण ‘बर्ड स्ट्राइक’ (पक्षी के टकराने) से इंजन का फेल होना था। हालांकि, इन वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है।
A German Condor aircraft flying to Düsseldorf made an emergency landing in southern Italy due to engine failure caused by suspected bird strike.
— FL360aero (@fl360aero) August 17, 2025
The Condor Boeing 757-330 aircraft (D-ABOK) flying from Corfu (CFU) to Dusseldorf (DUS) started spitting flames right after the… pic.twitter.com/k4b0W0myqg
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के अनुसार, विमान ने शनिवार शाम 8:19 बजे कॉर्फू से उड़ान भरी और लगभग 43 मिनट बाद ब्रिंडिसी के कासाले एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतर गया। शुरुआती रिपोर्ट्स के मुताबिक, पायलट ने पहले कॉर्फू लौटने की कोशिश की, लेकिन बाद में एक इंजन बंद करने के बाद दूसरे इंजन के सहारे ब्रिंडिसी में लैंडिंग कराई।
आपात लैंडिंग के बाद, यात्रियों को रात ब्रिंडिसी एयरपोर्ट पर ही गुजारनी पड़ी, क्योंकि शहर में होटलों की कमी थी। कंडोर एयरलाइन ने इस घटना के लिए माफी मांगी और अगले दिन यात्रियों को उनके गंतव्य डसेलडॉर्फ पहुंचाया गया।
