रांची वनडे में भारत ने 17 रन से जीत हासिल की, जिसमें विराट कोहली ने शानदार 135 रन की पारी खेलते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। इस जीत के बाद होटल रूम में टीम इंडिया के लिए जीत का जश्न मनाया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
होटल स्टाफ ने टीम इंडिया के लिए केक कटिंग का कार्यक्रम रखा था, जिसमें कप्तान केएल राहुल केक काटते हुए नजर आए। हालांकि, इसी जश्न के दौरान एक घटना हुई जिस पर फैंस सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। वीडियो में दिखाया गया है कि जब केएल राहुल केक काट रहे थे, तो उनके पीछे कोच गौतम गंभीर और रोहित शर्मा खड़े थे और दोनों के बीच कुछ गहन बातचीत चल रही थी। इसी समय, विराट कोहली उनके पास से निकल रहे थे। जब केक काटा जा रहा था, तो होटल के कर्मचारियों ने कोहली को रुकने के लिए बार-बार बुलाया, लेकिन विराट ने उनकी एक न सुनी और जश्न में शामिल हुए बिना ही चलते बने।
KOHLI ignored even cake cutting 👀pic.twitter.com/JktqdzJJyD
— koach. (@KOHL1theGOAT) December 1, 2025
कोहली के इस तरह से जश्न को नजरअंदाज किए जाने को लेकर फैन्स सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। माना जा रहा है कि टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर की मौजूदगी की वजह से ही विराट कोहली ने जीत के जश्न में शामिल न होने का फैसला किया है। दरअसल, काफी समय से यह खबरें चल रही हैं कि भारत की वनडे टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल, हेड कोच गौतम गंभीर और अनुभवी बल्लेबाजों विराट कोहली और रोहित शर्मा के बीच खराब रिश्तों की वजह से प्रभावित हुआ है, जिसको लेकर बीसीसीआई भी चिंतित है।
एक रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि गंभीर, कोहली और रोहित के बीच रिश्ते किसी भी तरह से अच्छे नहीं हैं और जिसका असर टीम के माहौल पर पड़ रहा है। भारतीय क्रिकेट का दिल अभी भी कोहली और रोहित के लिए धड़कता है, जो खेल के दो सबसे बड़े खिलाड़ी हैं, लेकिन उनके भविष्य को लेकर सस्पेंस और हेड कोच गौतम गंभीर के साथ उनके रिश्तों को लेकर लगातार चल रही चर्चा ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को भी मुश्किल में डाल दिया है।
