Sanjay Khan Wife Zarine Khan Death: वेटरन एक्टर संजय खान की पत्नी जरीन कतरक ने 81 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। शुक्रवार यानी 7 नवंबर की सुबह उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके चलते उनका निधन हो गया। जरीन कतरक के आकस्मिक निधन से पूरा खान परिवार इस समय गहरे सदमे में है।
12 जुलाई, 1944 में जन्मीं जरीन भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में एक्ट्रेस होने के साथ-साथ एक इंटीरियर डिजाइनर और कुकबुक की लेखिका भी थीं। उन्होंने साल 1960 के दौरान फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था। जरीन बहुत कम समय के लिए ही एक्टिंग फील्ड में सक्रिय रहीं, जिसके बाद उन्होंने संजय खान से शादी कर ली थी।
जरीन का जन्म बेंगलुरु के एक पारसी परिवार में हुआ था। उन्होंने कॉलेज में पढ़ाई नहीं की, बल्कि स्कूल के बाद से ही क्रिएटिविटी और बिजनेस वर्ल्ड में सक्रिय हो गई थीं। उन्हें संजय खान की पत्नी के रूप में और बतौर एक्ट्रेस भी पहचान मिली। जरीन ने साल 1963 में फिल्म ‘तेरे घर के सामने’ से डेब्यू किया था और तीन साल बाद 1966 में उन्होंने संजय खान से शादी कर ली थी। शादी के बाद उन्होंने फिल्म ‘एक फूल दो माली’ में कॉस्ट्यूम डिजाइनर का भी काम किया था।
जरीन कतरक अपने पीछे अपने पति संजय खान के अलावा अपनी बेटियाँ सुजैन खान, सिमॉन अरोड़ा, फराह अली खान और बेटे जायद खान को छोड़ गई हैं।
संजय और जरीन की लव स्टोरी
संजय और जरीन की प्रेम कहानी की बात करें तो, रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी पहली मुलाकात एक बस स्टॉप पर हुई थी। दोनों को पहली ही नजर में एक-दूसरे से प्यार हो गया था और उन्होंने साल 1966 में शादी कर ली। तब से वे दोनों साथ रहे और उन्होंने अपने बच्चों को जीवन में स्थापित किया। इसी साल जुलाई के महीने में जरीन ने अपना 81वां जन्मदिन धूमधाम से सेलिब्रेट किया था। उनकी बेटी सुजैन खान ने उस समय अपनी मां के लिए एक भावुक पोस्ट साझा किया था, जिसमें उन्होंने जरीन को सबसे खूबसूरत मां बताया था और कहा था कि वह उनकी बेटी होने पर खुद को खुशकिस्मत मानती हैं।
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े तमाम लोग जरीन कतरक के निधन पर शोक जता रहे हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं। हालांकि, उनका अंतिम संस्कार कब और कहाँ होना है, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई है।
