देहरादून: उत्तराखंड के गढ़वाल से भाजपा सांसद अनिल बलूनी बुधवार को भूस्खलन पीड़ितों से मिलने के बाद लौटते समय बद्रीनाथ नेशनल हाईवे पर बाल-बाल बच गए। उन्होंने खुद इस भयावह घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिसमें वह भूस्खलन को देखकर तेजी से पीछे भागते नजर आ रहे हैं।
यह हादसा देवप्रयाग के पास हुआ, जब बलूनी चमोली और रुद्रप्रयाग में आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर वापस ऋषिकेश लौट रहे थे। वीडियो में देखा जा सकता है कि भूस्खलन के खतरे को भाँपकर उनका काफिला रुक गया और वह खुद गाड़ी से उतरकर लोगों को पीछे हटने के लिए कह रहे हैं, तभी अचानक पहाड़ का एक बड़ा हिस्सा गिरना शुरू हो जाता है, जिससे वह खुद भी घबराकर पीछे की तरफ भागते हैं।
अनिल बलूनी ने वीडियो के साथ ट्वीट किया, “उत्तराखंड में इस साल की भारी बारिश और भूस्खलन ने इतने गहरे घाव दिए हैं, जिन्हें भरने में बहुत समय लगेगा।” उन्होंने भूस्खलन के इस दृश्य को “भयावह” बताते हुए कहा कि यह दिखाता है कि उत्तराखंड इस समय कितनी भीषण प्राकृतिक आपदा से गुजर रहा है।
उन्होंने बाबा केदारनाथ से सभी की सुरक्षा और खुशहाली की कामना की, और साथ ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, प्रशासन और सड़क से मलबा हटाने में लगे कर्मचारियों के सेवाभाव की सराहना भी की।
उत्तराखंड में इस वर्ष आई भीषण अतिवृष्टि और भूस्खलन ने इतने गहरे घाव दिए हैं, जिन्हें भरने में बहुत समय लगेगा।
— Anil Baluni (@anil_baluni) September 18, 2025
कल शाम आपदा प्रभावित क्षेत्र में भूस्खलन का एक भयावह दृश्य आप सभी के साथ साझा कर रहा हूं। यह दृश्य स्वयं बता रहा है कि हमारा उत्तराखंड इस समय कितनी भीषण प्राकृतिक आपदा… pic.twitter.com/fdTsXpPsm2
