U-19 World Cup 2026 Final: आईसीसी पुरुष अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है, जहां खिताबी मुकाबले में भारत और इंग्लैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। यह फाइनल मुकाबला 6 फरवरी (शुक्रवार) को जिम्बाब्वे के हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाएगा। भारतीय टीम इस मैच में रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने के इरादे से उतरेगी, जबकि इंग्लैंड की कोशिश दूसरी बार चैंपियन बनने की होगी। भारतीय समयानुसार मुकाबले का टॉस दोपहर 12.30 बजे होगा और पहली गेंद दोपहर 1 बजे डाली जाएगी।
यह भारत के लिए ऐतिहासिक मौका है, क्योंकि टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में 10वीं बार पहुंची है। खास बात यह है कि भारत लगातार छठा फाइनल खेलने जा रहा है, जिसकी शुरुआत साल 2016 से हुई थी। अब तक भारतीय टीम पांच बार इस टूर्नामेंट की चैंपियन बन चुकी है। उसने 2000, 2008, 2012, 2018 और 2022 में खिताब अपने नाम किया था। दूसरी ओर, इंग्लैंड ने सिर्फ एक बार अंडर-19 वर्ल्ड कप जीता है, जब उसने 1998 में न्यूजीलैंड को हराकर ट्रॉफी उठाई थी।
भारतीय बल्लेबाजों पर होंगी उम्मीदें
भारतीय टीम का बल्लेबाजी क्रम इस टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में रहा है। फाइनल मुकाबले में एक बार फिर वैभव सूर्यवंशी से बड़ी पारी की उम्मीद होगी, जिन्होंने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 68 रनों की अहम पारी खेली थी। उस मुकाबले में एरॉन जॉर्ज ने शतक लगाकर सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। कप्तान आयुष म्हात्रे, उपकप्तान विहान मल्होत्रा और अभिज्ञान कुंडू भी लगातार रन बना रहे हैं, जिससे टीम का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है।
गेंदबाजी में भी भारत मजबूत
गेंदबाजी में भी भारतीय टीम संतुलित नजर आई है। आरएस अम्बरीश, दीपेश देवेंद्रन, हेनिल पटेल, खिलान पटेल और कनिष्क चौहान ने पूरे टूर्नामेंट में किफायती और प्रभावी प्रदर्शन किया है। फाइनल में भी इन्हीं गेंदबाजों पर इंग्लैंड की मजबूत बल्लेबाजी को रोकने की जिम्मेदारी होगी।
संभावित प्लेइंग-11
भारत की संभावित प्लेइंग-11: फाइनल मुकाबले के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन में एरॉन जॉर्ज, वैभव सूर्यवंशी, कप्तान आयुष म्हात्रे, विहान मल्होत्रा, वेदांत त्रिवेदी, विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू, आरएस अम्बरीश, कनिष्क चौहान, खिलान पटेल, हेनिल पटेल और दीपेश देवेंद्रन शामिल हो सकते हैं।
इंग्लैंड की संभावित प्लेइंग-11: वहीं इंग्लैंड की संभावित टीम में बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूर्स, बेन मेस, कप्तान और विकेटकीपर थॉमस रेव, कालेब फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन और एलेक्स फ्रेंच के नाम सामने आ रहे हैं।
भारत-इंग्लैंड हेड-टू-हेड
अगर भारत और इंग्लैंड के बीच अंडर-19 मुकाबलों के हेड-टू-हेड रिकॉर्ड की बात करें तो आंकड़े पूरी तरह भारत के पक्ष में हैं। दोनों टीमों के बीच अब तक 55 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से भारत ने 41 मैच जीते हैं, जबकि इंग्लैंड को 13 बार जीत मिली है। एक मैच टाई रहा है और कोई भी मुकाबला बेनतीजा नहीं रहा।
दोनों टीमों के फुल स्क्वॉड
भारत का फुल स्क्वॉड: इस वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का पूरा स्क्वॉड आयुष म्हात्रे की कप्तानी में उतरा है, जिसमें विहान मल्होत्रा उपकप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। उनके अलावा वैभव सूर्यवंशी, एरॉन जॉर्ज, वेदांत त्रिवेदी, अभिज्ञान कुंडू, हेनिल पटेल, दीपेश देवेंद्रन, खिलान पटेल, मोहम्मद एनान, हरवंश पंगालिया, आरएस अम्बरीश, कनिष्क चौहान, किशन कुमार सिंह और उधव मोहन शामिल हैं।
इंग्लैंड का फुल स्क्वॉड: इंग्लैंड की टीम में बेन डॉकिन्स, जोसेफ मूर्स, बेन मेस, थॉमस रेव, कालेब फाल्कनर, राल्फी अल्बर्ट, फरहान अहमद, सेबेस्टियन मॉर्गन, जेम्स मिंटो, मैनी लम्सडेन, एलेक्स फ्रेंच, एलेक्स ग्रीन, इसक मोहम्मद, ल्यूक हैंड्स, विल बेनिसन और अली फारूक को जगह दी गई है।
