नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम का विजय अभियान जारी है। अपने दूसरे ग्रुप मैच में टीम इंडिया ने नामीबिया के खिलाफ रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने न केवल रनों का पहाड़ खड़ा किया, बल्कि टी20 क्रिकेट के इतिहास में अपनी सबसे बड़ी जीत भी दर्ज की।
मैच की शुरुआत में संजू सैमसन का विकेट जल्दी गिरने के बाद ईशान किशन ने मोर्चा संभाला और नामीबियाई गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे। भारत ने शुरुआती 6 ओवरों के पावरप्ले में 86 रन कूट दिए, जो टी20 अंतरराष्ट्रीय में टीम इंडिया का अब तक का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है। इसके बाद भारतीय बल्लेबाजों ने आक्रामक रुख जारी रखते हुए महज 6.5 ओवर (41 गेंद) में टीम का स्कोर 100 के पार पहुंचा दिया। इसी के साथ भारत ने टी20 विश्व कप इतिहास में सबसे तेज टीम 100 रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड नीदरलैंड्स (7 ओवर) के नाम था।
ईशान किशन की 24 गेंदों में 61 रनों की तूफानी पारी (6 चौके, 5 छक्के) और हार्दिक पंड्या के शानदार अर्धशतक की बदौलत भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 209 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया।
210 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नामीबिया की टीम भारतीय गेंदबाजी के सामने पूरी तरह असहाय नजर आई। पूरी टीम 18.2 ओवर में महज 116 रनों पर सिमट गई और भारत ने यह मुकाबला 93 रनों के भारी अंतर से जीत लिया। टी20 विश्व कप के इतिहास में रनों के लिहाज से यह भारत की सबसे बड़ी जीत है। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती सबसे सफल रहे, जिन्होंने 2 ओवर में मात्र 7 रन देकर 3 विकेट चटकाए। हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट मिले, जबकि बुमराह, अर्शदीप और शिवम दुबे ने एक-एक सफलता हासिल की।
