ब्यावर: राजस्थान के ब्यावर में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक अमानवीय घटना सामने आई है। कुख्यात हिस्ट्रीशीटर तेजपाल सिंह ने डीजल चोरी के शक में एक ड्राइवर को जेसीबी से लटकाकर कई घंटे तक बेरहमी से पीटा। इस पूरी वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस घटना के बाद पूरी तरह से जख्मी ड्राइवर को अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
यह घटना ब्यावर के रायपुर थाना क्षेत्र के गुड़िया गांव में हुई। आरोप है कि तेजपाल सिंह ने अपने फार्म हाउस पर डीजल चोरी के शक में ड्राइवर को जेसीबी से लटकाकर दो-तीन घंटे तक बर्बर तरीके से पीटा। इस दौरान उसके जख्मों पर पानी और नमक डालकर अमानवीय यातना दी गई।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि रायपुर थाना प्रभारी को इस मामले की जानकारी तक नहीं थी। तेजपाल सिंह पर पहले से ही कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, और वह बजरी माफिया के नेटवर्क से जुड़ा हुआ बताया जाता है। गांव में तेजपाल का इतना खौफ है कि लोग खुलकर कुछ कहने की हिम्मत नहीं करते।
ग्रामीणों ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उन्होंने कहा है कि तेजपाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, और पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच की जाए, जिन्होंने इस मामले को लेकर लापरवाही बरती।
