मुंबई: महाराष्ट्र में हो रही लगातार बारिश लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। मुंबई में भारी बारिश के चलते जहां कई इलाकों में जलभराव की स्थिति है, वहीं सोमवार सुबह वडाला में तकनीकी खराबी के कारण एक मोनोरेल अचानक बीच रास्ते में रुक गई। इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मोनोरेल में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब 17 यात्रियों को चेंबूर से आ रही दूसरी मोनोरेल में बैठाकर गंतव्य तक भेजा गया।
एमएमआरडीए के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि सुबह 7:45 बजे तक सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह समस्या सप्लाई की गड़बड़ी के कारण हुई थी। फिलहाल मोनोरेल सेवाओं पर आंशिक असर पड़ा है और तकनीकी कारणों की जांच की जा रही है।
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के पार्षद राजेश आनंद भोजने ने कहा कि सरकार को इस बार-बार होने वाली समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए, क्योंकि मोनोरेल बंद होने से रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
