राजस्थान: कोटपूतली जिले के विराटनगर में रिश्तों को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है। लीलो का बास गांव में एक वृद्ध महिला के अंतिम संस्कार के दौरान उनके ही बेटों ने शर्मनाक हरकत कर दी।
बताया जा रहा है कि मां की मृत्यु के बाद बेटों में संपत्ति को लेकर विवाद शुरू हो गया। हद तो तब हो गई जब एक बेटा मां की चिता पर बैठ गया और अंतिम संस्कार रोकने की धमकी देते हुए चांदी के कड़ों की मांग करने लगा।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बेटे का शर्मनाक बर्ताव साफ दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा।
बेटे के इस ‘ड्रामे’ के कारण मां का अंतिम संस्कार काफी देर तक रुका रहा, जिससे श्मशान में असहज स्थिति पैदा हो गई। बाद में जैसे-तैसे मामला शांत कराकर अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना ने रिश्तों में बढ़ती लालच और मानवीय मूल्यों के पतन को उजागर कर दिया है।
