Army Agniveer Vacancy 2026: देश सेवा का जज्बा रखने वाले युवाओं के लिए बड़ी खबर है। इंडियन आर्मी ने अग्निवीर भर्ती 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज, 13 फरवरी 2026 से शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी सेना की आधिकारिक वेबसाइट joinindianarmy.nic.in पर जाकर अपना पंजीकरण कर सकते हैं। इस बार भर्ती में सरकार ने युवाओं की मांग को देखते हुए अधिकतम आयु सीमा में एक वर्ष की विशेष छूट प्रदान की है।
आयु सीमा और महत्वपूर्ण तिथियां
लंबे समय से चल रहे आंदोलन के बाद अब अग्निवीर भर्ती (जीडी, टेक्निकल, क्लर्क और ट्रेडसमैन) के लिए आयु सीमा साढ़े 17 वर्ष से बढ़ाकर 22 वर्ष कर दी गई है। जिन युवाओं का जन्म 1 जुलाई 2005 से 1 जुलाई 2009 के बीच हुआ है, वे आवेदन के पात्र होंगे।
- आवेदन की अंतिम तिथि: 1 अप्रैल 2026
- लिखित परीक्षा: 1 जून से 15 जून 2026 तक आयोजित की जाएगी।
भर्ती की मुख्य श्रेणियां और योग्यता
इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), टेक्निकल, क्लर्क, स्टोर कीपर, ट्रेडसमैन (8वीं व 10वीं पास), सैनिक फार्मा और नर्सिंग असिस्टेंट के पदों को भरा जाएगा।
- जनरल ड्यूटी (GD): 10वीं पास (न्यूनतम 45% अंक)। ड्राइविंग लाइसेंस धारकों को वरीयता मिलेगी।
- टेक्निकल: 12वीं पास (फिजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स और इंग्लिश के साथ)।
- क्लर्क/स्टोर कीपर: 12वीं पास (न्यूनतम 60% अंक) और टाइपिंग टेस्ट अनिवार्य।
- ट्रेडसमैन: 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।
ट्रेड चयन में नया नियम
इस बार ट्रेडसमैन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अपनी प्राथमिकता के अनुसार ट्रेड खुद भरने होंगे। 10वीं पास छात्र 9 ट्रेड और 8वीं पास छात्र 2 ट्रेड चुन सकेंगे। यदि कोई अभ्यर्थी ट्रेड का विकल्प नहीं भरता है, तो मेरिट में आने के बावजूद उसका चयन नहीं किया जाएगा।
शारीरिक दक्षता परीक्षा (Physical Test)
फिजिकल टेस्ट को चार ग्रुप में बांटा गया है। 1.6 किमी की दौड़ के लिए समय के आधार पर अंक दिए जाएंगे:
- ग्रुप 1: 5 मिनट 30 सेकंड (60 अंक)
- ग्रुप 2: 5 मिनट 45 सेकंड (48 अंक)
- ग्रुप 3: 6 मिनट (36 अंक)
- ग्रुप 4: 6 मिनट 15 सेकंड (24 अंक) इसके अलावा पुल-अप्स, 9 फीट की लंबी कूद और जिग-जैग बैलेंस टेस्ट पास करना अनिवार्य होगा।
अग्निवीर योजना के लाभ
अग्निपथ योजना के तहत सैनिकों की भर्ती 4 साल के लिए होगी, जिसके बाद 25 फीसदी जवानों को स्थायी किया जाएगा और 75 फीसदी को सेवामुक्त कर दिया जाएगा। सेवा के दौरान अग्निवीरों को 48 लाख रुपये का मेडिकल इंश्योरेंस, कैंटीन सुविधा और सालाना 30 छुट्टियां मिलेंगी। आवेदन के लिए सभी श्रेणियों के अभ्यर्थियों को 250 रुपये शुल्क देना होगा।
