भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर तीसरे दौर की वार्ता 19 सितंबर, 2025 को क्वीन्सटाउन, न्यूज़ीलैंड में संपन्न हुई। इस दौरान दोनों देशों ने आर्थिक संबंधों को और सशक्त बनाने तथा संतुलित और पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते पर शीघ्र निष्कर्ष निकालने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न्यूज़ीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन की दृष्टि से प्रेरित इन वार्ताओं में व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग को गहराने का साझा संकल्प प्रदर्शित हुआ। यह एफटीए औपचारिक रूप से 16 मार्च, 2025 को केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और न्यूज़ीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले की बैठक से शुरू हुआ था।
तीसरे दौर (15-19 सितंबर) में कई अध्याय पूरे किए गए और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति हुई। वित्त वर्ष 2024-25 में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 1.3 बिलियन डॉलर रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 49% अधिक है।
दोनों पक्षों ने अंतर-सत्रीय वार्ताओं से गति बनाए रखने पर सहमति जताई। अगला आमने-सामने का दौर 13-14 अक्टूबर, 2025 को नई दिल्ली में होगा।
