कोलंबो: भारतीय टीम ने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 61 रन से शिकस्त दी और सुपर-8 राउंड में अपनी जगह पक्की कर ली। यह मुकाबला कोलंबो के आर. प्रेमादासा स्टेडियम में खेला गया, जहां टीम इंडिया का दबदबा शुरू से अंत तक देखने को मिला।
इस मैच के हीरो ईशान किशन रहे, जिन्होंने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 40 गेंदों में 77 रन बनाए। उनकी इस पारी की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 175 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तानी टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और 114 रन पर ऑलआउट हो गई।
हालांकि मैच खत्म होने के बाद जश्न के माहौल के बीच एक अप्रत्याशित दृश्य भी देखने को मिला। मैदान पर भारतीय टीम के ही दो खिलाड़ी आपस में उलझते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में हार्दिक पांड्या और कुलदीप यादव के बीच तीखी बहस दिखाई दे रही है, जबकि सूर्यकुमार यादव और रिंकू सिंह बीच-बचाव करते नजर आ रहे हैं।
🚨 Hardik angry over Kuldeep midfield
— Anidhi Gupta (@DigestivBiscute) February 15, 2026
Massive fight on field🤬#INDvsPAK pic.twitter.com/uc3wUuSi8u
बताया जा रहा है कि यह विवाद मैच के दौरान छूटे एक अहम कैच से जुड़ा है। 18वें ओवर में हार्दिक पांड्या की गेंद पर शाहीन अफरीदी ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की थी। गेंद हवा में गई और बाउंड्री लाइन पर मौजूद कुलदीप यादव आसान कैच के नीचे थे, लेकिन आखिरी क्षणों में गेंद उनके हाथों से फिसलकर बाउंड्री के पार चली गई, जिससे पाकिस्तान को 6 रन मिल गए। इससे ठीक पहले विकेटकीपर ईशान किशन से भी एक मौका चूक गया था, जिससे गेंदबाज हार्दिक साफ तौर पर नाराज दिखे।
मैच समाप्त होने के बाद जब खिलाड़ी ड्रेसिंग रूम की ओर लौट रहे थे, उसी दौरान हार्दिक और कुलदीप के बीच बहस हो गई। माना जा रहा है कि अगर वह कैच पकड़ लिया जाता तो मुकाबला वहीं खत्म हो जाता। इसके बावजूद हार्दिक पांड्या ने ओवर की आखिरी गेंद पर उस्मान तारिक का विकेट लेकर भारत की जीत सुनिश्चित की और यह साबित किया कि दबाव में भी वह मैच को फिनिश करने की काबिलियत रखते हैं।
