Sunita Ahuja Bollywood Debut: बॉलीवुड के ‘हीरो नंबर 1’ गोविंदा भले ही लंबे समय से बड़े पर्दे से दूर हैं, लेकिन अब उनकी पत्नी सुनीता आहूजा जल्द ही बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। अपने वायरल इंटरव्यू और बेबाक बयानों के चलते सुर्खियों में रहने वाली सुनीता अब एक्टिंग करती नजर आएंगी। जानकारी के मुताबिक, उन्होंने अपनी पहली फिल्म साइन कर ली है।
सूत्रों के अनुसार, सुनीता आहूजा ने एकता कपूर के प्रोडक्शन हाउस बालाजी मोशन पिक्चर्स के बैनर तले अपनी डेब्यू फिल्म साइन की है। फिल्म का टाइटल फिलहाल फाइनल नहीं किया गया है। बताया जा रहा है कि इस फिल्म में सुनीता एक बेहद अहम भूमिका निभाती नजर आएंगी। शूटिंग के लिए वह करीब 20 दिनों का समय देंगी, हालांकि फिल्म से जुड़ी अन्य जानकारियां अभी सामने आनी बाकी हैं।
सुनीता आहूजा के साथ-साथ गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा भी फिल्मी दुनिया में कदम रखने जा रहे हैं। खबर है कि वह फराह खान के भाई साजिद खान की अपकमिंग हॉरर फिल्म में नजर आएंगे। वहीं, गोविंदा और सुनीता की बेटी टीना पहले ही अपना एक्टिंग डेब्यू कर चुकी हैं, हालांकि उन्हें अपने पिता जैसी सफलता नहीं मिल पाई।
सुनीता आहूजा हाल के वर्षों में अपने बेबाक अंदाज और कॉमिक टाइमिंग के चलते काफी लोकप्रिय हुई हैं। वह यूट्यूब पर व्लॉग्स बनाती हैं और टीवी पर भी नजर आती रहती हैं। कई रियलिटी शोज में बतौर गेस्ट शामिल होकर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। अपने इंटरव्यूज में वह निजी जिंदगी और रिश्तों पर खुलकर बात करती रही हैं, जिसकी वजह से उनकी फैन फॉलोइंग तेजी से बढ़ी है।
सुनीता आहूजा की शादी गोविंदा से साल 1987 में हुई थी, लेकिन वह पिछले कुछ सालों में ही लाइमलाइट में आई हैं। उन्होंने अपने यूट्यूब व्लॉग्स में अपने और गोविंदा के रिश्तों पर उठे सवालों, शादी में आई मुश्किलों और अफेयर की खबरों पर भी खुलकर प्रतिक्रिया दी है। अब सुनीता आहूजा का बॉलीवुड डेब्यू उनके करियर का नया अध्याय साबित होने जा रहा है।
