Cold Wave Alert: दिसंबर की शुरुआत होते ही देश के ज्यादातर हिस्से घने कोहरे और ठिठुरन वाली ठंड की चपेट में आ गए हैं। उत्तरी, मध्य और पूर्वी भारत में तापमान लगातार नीचे जा रहा है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि आगामी दिनों में ठंड का प्रकोप और बढ़ सकता है। कई राज्यों में आज भी शीतलहर का अलर्ट जारी है।
मौसम विभाग के अनुसार मध्य भारत और उससे सटे पूर्वी इलाकों में शीतलहर की स्थिति जारी रहेगी। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में 12 दिसंबर तक शीतलहर के नए दौर की संभावना जताई गई है। हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम और मणिपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और कई उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 13 दिसंबर के बाद तापमान में और गिरावट दर्ज हो सकती है। पश्चिमी हिमालय से सटे राज्यों में हल्की बारिश और बर्फबारी के कारण ठंड बढ़ने की पूरी संभावना है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, जिससे पहाड़ी इलाकों में ठिठुरन बहुत अधिक बढ़ गई है। पाला पड़ने से स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 13 दिसंबर के बाद दोनों राज्यों में बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर में भी आने वाले दिनों में सर्द हवाएं ठंड का असर बढ़ा सकती हैं। राजधानी के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान गिरकर 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हल्की धुंध और कोहरा सुबह और देर शाम के समय दृश्यता को प्रभावित करेगा।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीतलहर ने ठंड को अचानक बढ़ा दिया है। तराई क्षेत्रों में सुबह घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड महसूस हो रही है। कई इलाकों में गलन बढ़ने की वजह से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
बिहार में पछुआ हवा चलने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। पटना समेत कई जिलों में ठंड तेज हो गई है। अगले 48 घंटे तक पछुआ हवा जारी रहने के कारण मौसम और अधिक ठंडा रहने का अनुमान है। कई इलाकों में 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
इधर दक्षिण भारत के तीन राज्यों—केरल, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह—में आज भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
