AI Impact Summit 2026: देश की राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित हो रहे ‘AI इम्पैक्ट समिट-2026’ ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। इस बेहद खास समिट में वैश्विक नेताओं, टेक कंपनियों के सीईओ और दुनिया भर के विशेषज्ञों की मौजूदगी के कारण दिल्ली में सुरक्षा और यातायात के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आज यानी शुक्रवार, 20 फरवरी के लिए एक विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है, ताकि VVIP मूवमेंट के दौरान आम जनता को कम से कम परेशानी हो।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, भारत मंडपम, दिल्ली एयरपोर्ट और केंद्रीय दिल्ली के कई प्रमुख इलाकों में सुरक्षा कारणों से यातायात प्रतिबंधित रहेगा। विशेष रूप से सुबह 8 बजे से 10 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक की अवधि के लिए खास रूट डायवर्जन लागू किया गया है। इस समय के दौरान सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, जनपथ, विंडसर प्लेस, पृथ्वीराज रोड, राजेश पायलट मार्ग और सुब्रमण्यम भारती मार्ग पर ट्रैफिक की स्थिति काफी प्रभावित रहने वाली है।
Traffic Advisory
— Delhi Traffic Police (@dtptraffic) February 19, 2026
Special traffic arrangements will be in place on 20 Feb, 2026 from 08:00–10:00 AM & 05:00–09:00 PM in view of AI Impact Summit–2026.
Commuters are advised to plan their journeys in advance, avoid affected stretches, and follow directions of traffic personnel… pic.twitter.com/UjGoChy7gf
इसके अलावा, पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि मथुरा रोड पर लोदी फ्लाईओवर से डॉ. दिनेश चंद्र डालमिया चौक के बीच, भैरों मार्ग, शांति पथ, अफ्रीका एवेन्यू और डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग पर भी जरूरत के अनुसार ट्रैफिक रेगुलेशन लागू किया जा सकता है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कई वैकल्पिक मार्गों का सुझाव दिया है। वाहन चालक अपनी यात्रा के लिए सैन मार्टिन मार्ग, पंचशील मार्ग, डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, औरोबिंदो मार्ग, लोधी रोड, बारापुल्ला रोड, रिंग रोड और तिलक मार्ग का चुनाव कर सकते हैं।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें और गंतव्य तक समय पर पहुँचने के लिए घर से अतिरिक्त समय लेकर निकलें। साथ ही, ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का आग्रह किया गया है ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। भारत मंडपम में चल रहा यह समिट न केवल तकनीक बल्कि शहर के प्रबंधन के लिए भी एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
