चंदौली: पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल ने छठ महापर्व के चलते घर लौट रहे यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा निर्णय लिया है। मंडल प्रशासन ने 22 अक्टूबर से प्रतिदिन पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन और गया जंक्शन के बीच एक अनारक्षित फास्ट पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह सेवा अगले आदेश तक जारी रहेगी।
बताया गया है कि यह स्पेशल ट्रेन प्रतिदिन सुबह 9:00 बजे डीडीयू जंक्शन से रवाना होगी। ट्रेन चंदौली मझवार, भभुआ रोड, कुदरा, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, रफीगंज और गुरारू स्टेशनों पर ठहरेगी। गया पहुंचने के बाद यह ट्रेन उसी मार्ग और ठहरावों के साथ वापस डीडीयू लौटेगी।
पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बताया कि छठ पर्व के दौरान पूर्वांचल और बिहार की ओर जाने वाले यात्रियों की संख्या बहुत बढ़ जाती है। नियमित ट्रेनों में भारी भीड़ और टिकट की समस्या को देखते हुए यह विशेष अनारक्षित सेवा शुरू की गई है। इससे यात्रियों को अपने घर पहुंचने में आसानी होगी और भीड़ भी कम होगी।
