फिल्म निर्देशक आदित्य धर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ (धुरंधर 2) को लेकर सिनेमा गलियारों में हलचल तेज हो गई है। दिसंबर में आई ‘धुरंधर’ की ब्लॉकबस्टर सफलता के बाद से ही दर्शक इसके दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। 19 मार्च को ईद के मौके पर रिलीज होने जा रही इस फिल्म को लेकर अब सेंसर बोर्ड (CBFC) की अहम जानकारियां सामने आई हैं, जिसने प्रशंसकों के उत्साह को दोगुना कर दिया है।
पहले पार्ट से थोड़ी छोटी होगी फिल्म
दिसंबर में जब रणवीर सिंह स्टारर ‘धुरंधर’ रिलीज हुई थी, तब इसके 3 घंटे 34 मिनट लंबे रन-टाइम को लेकर काफी चर्चा हुई थी। हालांकि, लंबी फिल्म होने के बावजूद दर्शकों ने इसे भरपूर प्यार दिया। अब ‘धुरंधर 2’ की सेंसर डिटेल्स बताती हैं कि सीक्वल की लंबाई पिछले पार्ट के मुकाबले थोड़ी कम रखी गई है। 9 फरवरी को हुए सर्टिफिकेशन के मुताबिक, इस फिल्म का रन-टाइम 3 घंटे 28 मिनट है, जो पहले पार्ट से करीब 6 मिनट छोटा है।
सेंसर रेटिंग ने किया हैरान, हिंसा के स्तर पर सस्पेंस
सबसे चौंकाने वाला खुलासा फिल्म की रेटिंग को लेकर हुआ है। ‘धुरंधर’ के पहले भाग को इसके भीषण खून-खच्चर और हिंसक दृश्यों के कारण ‘A’ (केवल वयस्कों के लिए) रेटिंग मिली थी। लेकिन, ‘धुरंधर 2’ को सेंसर बोर्ड ने ‘U/A 16+’ रेटिंग के साथ पास किया है।
यह रेटिंग इसलिए चर्चा का विषय बनी हुई है क्योंकि फिल्म की कहानी के अनुसार, दर्शकों को उम्मीद थी कि दूसरे पार्ट में हिंसा और एक्शन का स्तर पहले से कहीं ज्यादा होगा। सेंसर से मिली हल्की रेटिंग अब इस बात की ओर इशारा कर रही है कि शायद इस बार मेकर्स ने वायलेंस को पहले के मुकाबले थोड़ा कम या संतुलित रखा है।
बॉक्स ऑफिस पर ‘टॉक्सिक’ से होगा महा-मुकाबला
19 मार्च को बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों के बीच भिड़ंत देखने को मिलेगी। ‘धुरंधर 2’ का सीधा मुकाबला सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ से होने जा रहा है। इस बड़े क्लैश को देखते हुए फिल्म जगत का माहौल अभी से गर्म है।
मेकर्स ने फिलहाल वही पुराना फुटेज टीजर के तौर पर साझा किया है जो पहली फिल्म के अंत में दिखाया गया था, लेकिन अब उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही फिल्म का ट्रेलर रिलीज किया जाएगा। ट्रेलर आने के बाद ही फिल्म की रेटिंग और हिंसा के स्तर को लेकर बनी धुंध साफ़ हो पाएगी।
