नई दिल्ली: उत्तरी दिल्ली के आजाद मार्केट के पास पुल मिठाई पर देर रात करीब 2 बजे एक तीन मंजिला पुरानी बिल्डिंग भरभरा कर गिर गई। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक अन्य घायल हो गया।
बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर सूटकेस और तिरपाल की दुकानें थीं। जानकारी के अनुसार, इमारत के पास ही मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा था। रात को अचानक बिल्डिंग गिरने से पास खड़ा एक ट्रक भी क्षतिग्रस्त हो गया।
दमकल कर्मियों ने 46 वर्षीय मनोज नाम के एक व्यक्ति को घायल अवस्था में मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मनोज उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस, फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। फिलहाल, राहत और बचाव कार्य जारी है।
