नई दिल्ली: आईसीसी के साथ हुई बैठक के बाद पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के खिलाफ खेलने को राजी हो गया है। यह मुकाबला 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पहले पाकिस्तान सरकार ने घोषणा की थी कि टीम भारत के खिलाफ नहीं खेलेगी, लेकिन सोमवार रात सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से टीम को मैच खेलने का आदेश जारी किया गया।
मोहसिन नकवी का वायरल वीडियो
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के चेयरमैन मोहसिन नकवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो पाकिस्तान सुपर लीग की प्रेस कॉन्फ्रेंस का है। वीडियो में एक पत्रकार नकवी से कहता है कि उन्होंने जिस तरह से इस क्राइसिस को हैंडल किया, वह देखकर लोग हैरान हैं और आईसीसी को “घुटनों पर ला दिया।” नकवी ने यह बात सिर झुकाकर सुनी, लेकिन जब “आईसीसी के घुटने टेकने” का जिक्र आया, तो उनकी हंसी छूट गई और उन्होंने चेहरा दूसरी तरफ कर लिया।
बगल में बैठे आदमी को भी ये बात हजम नहीं हुई! 🤣🤣🤣 #MohsinNaqvi #ICC pic.twitter.com/Z7g02NkR6g
— 𝐇𝐨𝐧𝐞𝐲 𝐒𝐢𝐧𝐠𝐡 (@_mrsingh01) February 11, 2026
आईसीसी और पाकिस्तानी अधिकारियों की बैठक
आईसीसी ने पाकिस्तान को चेतावनी दी थी कि अगर टीम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेगी तो उसे आर्थिक नुकसान और संभावित बैन का सामना करना पड़ेगा। इसके बाद आईसीसी के प्रतिनिधि पाकिस्तान गए और पीसीबी, आईसीसी तथा बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ खेलने के लिए हां कर दी। पाकिस्तान सरकार ने कहा कि बांग्लादेश और श्रीलंका के दबाव के चलते टीम भारत के खिलाफ खेलने के लिए तैयार हुई। यदि पाकिस्तान अपनी जिद्द पर अड़ा रहता, तो उसे न केवल भारी आर्थिक नुकसान होता बल्कि ICC द्वारा प्रतिबंधित भी किया जा सकता था।
यह कदम टी20 वर्ल्ड कप के महा-मुकाबले से पहले पाकिस्तान के फैसले में बड़ा बदलाव माना जा रहा है और अब क्रिकेट फैंस की निगाहें 15 फरवरी के भारत-पाक मुकाबले पर टिकी हैं।
