बालोद: जिले के जगन्नाथपुर गांव से एक सनसनीखेज वीडियो सामने आया है, जिसमें एक युवक को खुलेआम तलवार लहराते और दूसरे शख्स को धमकी देते हुए देखा जा सकता है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद बालोद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी युवक हाथ में तलवार लेकर एक अन्य व्यक्ति को डराने की कोशिश कर रहा है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आरोपी फरार है।
यह पहली बार नहीं है जब बालोद क्षेत्र से ऐसा मामला सामने आया हो। इससे पहले भी बालोद शहर में एक युवक का चाकू दिखाते हुए वीडियो वायरल हुआ था, लेकिन पुलिस अभी तक उस मामले में भी आरोपी को पकड़ने में सफल नहीं हो पाई है।
स्थानीय लोगों ने कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए मांग की है कि ऐसे असामाजिक तत्वों पर जल्द से जल्द कार्रवाई हो ताकि भविष्य में कोई गंभीर घटना न घटे।
पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
