मथुरा: कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास केस के अध्यक्ष दिनेश फलाहारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर होली के दौरान मुसलमानों की मंदिरों के आसपास एंट्री पर रोक लगाने की मांग की है। पत्र में फलाहारी ने यह भी लिखा कि इन लोगों को होली के रंग बेचने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उनका दावा है कि ये लोग मंदिरों के आसपास रंग बेचते हैं और हिंदुओं के प्रति नफरत रखते हैं।
पत्र में दिनेश फलाहारी ने कहा, “हमारे पवित्र होली के त्योहार में मुसलमानों को दूर रखा जाए। ये लोग मंदिरों के आसपास दुकान लगाकर होली के रंग बेचते हैं और हमारे त्योहार में शामिल होकर नफरत फैलाते हैं।”
इसके अलावा उन्होंने पत्र में आरोप लगाया कि कुछ लोग होली के रंग में कांच मिला सकते हैं, थूक सकते हैं और इस तरह हमारे पवित्र त्योहार में लव जिहाद जैसी घटनाओं को बढ़ावा दे सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि ऐसे व्यक्ति जो नाम बदलकर और पहचान छिपाकर दुकानों में होली के रंग बेचते हैं, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

दिनेश फलाहारी की यह मांग धार्मिक और सांप्रदायिक विवादों के बीच सुर्खियों में है, और यह मामला आगामी होली के अवसर पर चर्चा का विषय बन सकता है।
