नई दिल्ली: दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में स्थित एक किराए के कमरे में रह रहे UPSC अभ्यर्थी तरुण ठाकुर (25 वर्ष) ने आत्महत्या कर ली। वह जम्मू के निवासी थे और पिछले एक साल से सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए दिल्ली में रह रहे थे।
पुलिस को सुबह एक पीसीआर कॉल मिली जिसमें एक युवक के आत्महत्या की सूचना दी गई थी। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो तरुण का शव कमरे में पंखे से चादर के सहारे लटका हुआ मिला। कमरे की तलाशी में एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें तरुण ने लिखा कि वह अपनी मर्जी से यह कदम उठा रहे हैं और इसके लिए कोई और ज़िम्मेदार नहीं है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि तरुण के पिता ने कई बार फोन करने की कोशिश की, लेकिन जवाब न मिलने पर उन्होंने मकान मालिक से संपर्क किया। मकान मालिक जब कमरे के पास पहुंचे, तो दरवाजा अंदर से बंद था। साझा बालकनी से झांकने पर तरुण को लटका हुआ देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
