करीब एक साल के लंबे राजनीतिक अस्थिरता के दौर के बाद भाजपा ने मणिपुर में नई सरकार बनाने की तैयारी कर ली है। पार्टी के वरिष्ठ नेता युमनाम खेमचंद सिंह को विधायक दल का नेता चुना गया है और वह राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे। इसके साथ ही भाजपा दो उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने की भी योजना बना रही है, ताकि राज्य में सामाजिक और राजनीतिक संतुलन कायम किया जा सके।
डिप्टी सीएम के तौर पर कुकी समुदाय की प्रमुख नेता नेमचा किपगेन का नाम तय किया गया है। इस कदम को मैतेई और कुकी समुदायों के बीच भरोसा बहाल करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। गौरतलब है कि इन दोनों समुदायों के बीच भड़की हिंसा को नियंत्रित करने में पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह की सरकार नाकाम रही थी, जिसके बाद उनकी कुर्सी चली गई और राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू करना पड़ा था।
खेमचंद सिंह मैतेई समुदाय से आते हैं, जबकि नेमचा किपगेन कुकी समुदाय का प्रतिनिधित्व करती हैं। भाजपा की रणनीति है कि सत्ता में भागीदारी के जरिए दोनों समुदायों को साथ लाया जाए और लंबे समय से चली आ रही कड़वाहट को कम किया जाए। इसी क्रम में यह भी चर्चा है कि नगा समुदाय को साधने के लिए एक और डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। यह पद नागा पीपुल्स फ्रंट (NPF) के किसी नेता को दिए जाने की संभावना है, जिसके पास विधानसभा में पांच विधायक हैं।
मंगलवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक तरुण चुघ, पूर्वोत्तर प्रभारी संबित पात्रा और अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि मणिपुर में 13 फरवरी 2025 से राष्ट्रपति शासन लागू है, जिसके बाद 60 सदस्यीय विधानसभा को निलंबित कर दिया गया था।
वर्तमान राजनीतिक स्थिति की बात करें तो मणिपुर विधानसभा में भाजपा के पास 37 विधायक हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 32 सीटें जीती थीं। इसके अलावा जेडीयू के छह विधायक चुने गए थे, जिनमें से पांच बाद में भाजपा में शामिल हो गए। विधानसभा में अन्य दलों की स्थिति देखें तो नेशनल पीपुल्स पार्टी के छह, नागा पीपुल्स फ्रंट के पांच, कांग्रेस के पांच, कुकी पीपुल्स अलायंस के दो, जेडीयू का एक विधायक और तीन निर्दलीय विधायक शामिल हैं। एक विधायक के निधन के कारण फिलहाल एक सीट रिक्त है।
कौन हैं युमनाम खेमचंद सिंह
युमनाम खेमचंद सिंह इंफाल पश्चिम जिले की सिंगजामेई विधानसभा सीट से 2017 और 2022 में भाजपा विधायक चुने गए हैं। वर्ष 2017 से 2022 तक उन्होंने मणिपुर विधानसभा के स्पीकर के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद 2022 से 2025 तक वह एन. बीरेन सिंह की कैबिनेट में नगर प्रशासन, आवास, ग्रामीण विकास और पंचायती राज जैसे अहम मंत्रालयों के प्रभारी रहे।
राजनीति के अलावा खेमचंद सिंह एक पेशेवर मार्शल आर्टिस्ट भी हैं। वह पारंपरिक ताइक्वांडो में ‘5वां डैन ब्लैक बेल्ट’ हासिल करने वाले भारत के पहले व्यक्ति हैं, जो उन्हें एक अलग पहचान देता है।
