लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के मौके पर राज्य के सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया है। राज्य सरकार ने 2, 3 और 4 मार्च को आधिकारिक अवकाश घोषित किया है। इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को राहत मिली है। प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने के लिए 28 फरवरी 2026, शनिवार को कार्यदिवस घोषित किया गया है, जबकि इसके बदले 3 मार्च को अतिरिक्त अवकाश दिया जाएगा।
सरकार की ओर से जारी आदेश के मुताबिक इस वर्ष प्रदेश में होली का अवकाश लगातार तीन दिन रहेगा। त्योहार के दौरान कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से ही कार्यदिवस में बदलाव किया गया है। 28 फरवरी को सभी सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे और सामान्य रूप से कामकाज होगा।
मुख्यमंत्री ने त्योहार से पहले वेतन भुगतान को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी विभागों को सुनिश्चित करने को कहा है कि होली से पहले हर हाल में सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन उनके बैंक खातों में पहुंच जाए। यह आदेश केवल नियमित कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि संविदाकर्मी, आउटसोर्सिंग कर्मी और सफाईकर्मियों पर भी समान रूप से लागू होगा।
सीएम योगी ने स्पष्ट किया है कि वेतन भुगतान में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सरकार का उद्देश्य है कि होली जैसे बड़े त्योहार पर किसी भी कर्मचारी को आर्थिक तंगी का सामना न करना पड़े। लगातार तीन दिन के अवकाश और समय पर वेतन के निर्देश को कर्मचारियों के लिए बड़ी राहत के रूप में देखा जा रहा है।
