लोनी: हथिनी कुंड बैराज से छोड़ा गया पानी लोनी तक पहुंचने से यमुना नदी का जल स्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। जल स्तर 209 मीटर से बढ़कर लगभग 210.55 मीटर पर पहुंच गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल स्तर और बढ़ा तो किसानों की फसलों को नुकसान हो सकता है। अधिकारियों के अनुसार, हालात वर्ष 2023 जैसे गंभीर नहीं हैं। करीब 10 दिन पहले भी जल स्तर बढ़ने से आसपास के गांवों के खेतों में पानी भर गया था और खड़ी फसल नष्ट हो गई थी।
सिंचाई विभाग के अवर अभियंता एसपी सिंह ने बताया कि जल स्तर बढ़ने से हरमपुर और इलायचीपुर गांव के खेतों में पानी भर गया है। प्रशासन ने ग्रामीणों को यमुना नदी के किनारे न जाने की चेतावनी दी है और सतर्क रहने को कहा है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में बाढ़ की कोई आशंका नहीं है, लेकिन हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
