आगरा: अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ जयपुर से खेरिया एयरपोर्ट पहुंचे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। ताजमहल के दौरे के लिए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति 32 कारों के काफिले के साथ ताजमहल देखने के लिए रवाना हुए, जिसमें 18 कारें अमेरिका से आई हैं। उनके साथ एंटी मिसाइल सिस्टम और मैरीन हेलीकॉप्टर भी आए हैं। सुरक्षा के लिहाज से एक ट्रेन को भी रिजर्व रखा गया है।
खेरिया एयरपोर्ट पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अमेरिकी उपराष्ट्रपति और उनके परिवार का स्वागत किया। इसके बाद उनका काफिला शिल्पग्राम के लिए रवाना हुआ, जहां से वे ताजमहल का दीदार करेंगे। ताजमहल के दौरे के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। अमेरिकी उपराष्ट्रपति की सुरक्षा में अमेरिकी और भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी तैनात हैं।
