लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्र सरकार में मंत्री चिराग पासवान को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से जान से मारने की धमकी मिली है।
इस गंभीर घटना को लेकर पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. राजेश भट्ट ने पटना साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले की तुरंत जांच करने, आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। डॉ. भट्ट ने इस घटना को एक बड़ी सुरक्षा चूक बताया। उन्होंने कहा कि किसी केंद्रीय मंत्री को इस तरह की धमकियां मिलना लोकतंत्र के लिए खतरनाक संकेत है और यह कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाता है।
डॉ. भट्ट ने यह भी बताया कि धमकी देने वाले के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पार्टी इस पूरे घटनाक्रम को लेकर बेहद सतर्क है। उन्होंने मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

इस घटना के सामने आने के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में काफी नाराजगी है। सोशल मीडिया पर भी पार्टी समर्थक आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार साइबर थाना की टीम इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आवश्यक तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।
