मध्य प्रदेश के सागर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) के चार जवानों की दुखद मृत्यु हो गई, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। यह सभी जवान अपनी ड्यूटी पूरी करके मुरैना से घर वापस लौट रहे थे, तभी सुबह लगभग 4 बजे वे सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। यह भीषण हादसा सागर के नेशनल हाइवे 44 पर बांदरी मालथौन क्षेत्र में हुआ। जवानों का वाहन सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गया। हादसे की वास्तविक वजह क्या रही, इसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
इस दुर्घटना में जिन चार जवानों की मृत्यु हुई है, उनमें मुरैना के रहने वाले प्रधुमन दीक्षित, अमन कौरव और चालक परमलाल तोमर शामिल हैं। इसके अलावा, भिंड के डांग मास्टर विनोद शर्मा की भी जान चली गई है। मुरैना के आरक्षक राजवीन चौहान गंभीर रूप से घायल हुए हैं, और उनका इलाज बंसल अस्पताल में चल रहा है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन में एक डॉग भी था, जो पूरी तरह से सुरक्षित है।
