नवसारी: गुजरात के नवसारी जिले में स्थित तपोवन आश्रमशाला में मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले के खेतिया गांव से पढ़ने गए 9वीं कक्षा के एक छात्र की हार्ट अटैक से मौत हो गई। 13 वर्षीय छात्र मेघ शाह को रात में हॉस्टल में सीने में दर्द उठा था। उसने सहायक को इसकी जानकारी भी दी, लेकिन उसने इसे सामान्य समझा।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें दिख रहा है कि हॉस्टल सहायक हर्षद राठवा ने छात्र को पूरी रात गोद में रखकर संभालने की कोशिश की, जबकि बच्चा दर्द से तड़पता रहा। सुबह उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। समय पर उचित इलाज नहीं मिलने के कारण छात्र की मौत हो गई।
यह दर्दनाक घटना 24 मई की रात की है। छात्र के परिवार ने इस मामले में दोषियों पर कार्रवाई के लिए पुलिस को आवेदन दिया है। सहायक हर्षद राठवा को सस्पेंड कर दिया गया है।
