सूरत: गुजरात के सूरत में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ 23 साल की एक महिला शिक्षिका अपने 13 साल के छात्र को भगा ले गई। पकड़े जाने पर जो खुलासा हुआ, वह और भी चौंकाने वाला है। मेडिकल जांच में शिक्षिका गर्भवती निकली है और उसने बच्चे के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात स्वीकार की है।
13 साल के बच्चे के पिता ने सूरत के पुना पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और बच्चे को ट्यूशन पढ़ाने वाली शिक्षिका पर अपहरण का आरोप लगाया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर तलाश शुरू की। 30 अप्रैल को पुलिस ने सर्विलांस की मदद से शिक्षिका को नाबालिग छात्र के साथ जयपुर से लौटते समय शामलाजी बॉर्डर के पास एक बस से गिरफ्तार किया।
पूछताछ में शिक्षिका ने बच्चे के साथ शारीरिक संबंध बनाने की बात कबूल की, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई। पुणा पुलिस निरीक्षक वी एम देसाई ने नाबालिग छात्र का यौन शोषण करने के आरोप में शिक्षिका के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। अदालत ने शिक्षिका को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस ने जब शिक्षिका का मेडिकल परीक्षण कराया तो वह 20 हफ्ते और चार दिन की गर्भवती पाई गई। सूरत शहर पुलिस के डीसीपी जोन-1 आलोक कुमार ने बताया कि शिक्षिका के दावे की सच्चाई जानने के लिए डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। इस घटना ने, जो एक अपहरण के मामले से शुरू हुई थी, एक अजीब और स्तब्ध कर देने वाला मोड़ ले लिया है। पुलिस ने बच्चे की काउंसलिंग कराई है।
