नई दिल्ली: लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आज पूरे देशभर में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नई दिल्ली में ‘रन फॉर यूनिटी’ का भव्य आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र, एनसीसी कैडेट, पैरामिलिट्री बलों के जवान और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया, ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल, गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार, उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और सांसद बांसुरी स्वराज सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद करते हुए उन्हें ‘एक भारत, मजबूत भारत’ का प्रतीक बताया।
दिल्ली में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, गृह मंत्री अमित शाह, उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। नेताओं ने कहा कि सरदार पटेल ने सैकड़ों रियासतों को जोड़कर भारत का एकीकृत नक्शा तैयार किया और राष्ट्र की एकता की नींव रखी। इस मौके पर सभी ने नागरिकों से भाईचारे और राष्ट्र प्रथम की भावना को सशक्त करने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय एकता दिवस पर मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित #RunForUnity का माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री @AmitShah जी ने शुभारंभ किया।
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) October 31, 2025
माननीय गृह मंत्री जी के साथ हम सभी ने “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के संकल्प को दोहराते हुए एकता और अखंडता की शपथ ली।
Run For Unity उस… pic.twitter.com/S9UjbsHZ1b
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ का शुभारंभ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा किया गया। उन्होंने कहा, “आज हम सभी ने ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को दोहराते हुए एकता और अखंडता की शपथ ली।”
इस दौड़ में युवाओं, एनसीसी कैडेट्स, खेल संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के दौरान “एकता में ही शक्ति है” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारे गूंजते रहे, जिससे माहौल देशभक्ति से भर उठा। ‘रन फॉर यूनिटी’ सुबह 7 बजे पुलिस थाने से शुरू होकर कनॉट पैलेस होते हुए पब्लिक पार्क तक पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ।
‘रन फॉर यूनिटी’ केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि सरदार पटेल के उस महान विचार का प्रतीक है, जिसने भारत को एक सूत्र में बांधकर अखंड राष्ट्र का निर्माण किया। यह आयोजन हमें याद दिलाता है कि एकता ही हमारी सबसे बड़ी शक्ति है। जब पूरा देश एकजुट होकर दौड़ता है, तो हर कदम भारत की मजबूती और एकता का संदेश देता है।
सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हमें सिखाता है कि एकता ही भारत की असली पहचान है। आज का यह आयोजन उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और अखंडता के प्रति समर्पण को नमन करने का प्रतीक है।
