नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम 5 बजे देश को संबोधित करेंगे। अनुमान है कि उनके भाषण में जीएसटी सुधार (GST 2.0) और नवरात्रि के शुभारंभ से जुड़ी जानकारी साझा की जा सकती है। हालांकि, उनके संबोधन को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक विवरण सामने नहीं आया है।
सरकार ने GST 2.0 के तहत जीएसटी स्लैब को केवल 5% और 18% तक सीमित कर दिया है। 12% स्लैब के अधिकांश उत्पाद अब 5% स्लैब में आए हैं, जबकि 28% वाले उत्पाद 18% स्लैब में रखे गए हैं। इसके अलावा कुछ चीजों पर जीएसटी दर शून्य कर दी गई है, जिसका मतलब है कि 22 सितंबर के बाद ये उत्पाद बेहद सस्ते मिलेंगे।
प्रधानमंत्री का यह संबोधन ऐसे समय में हो रहा है जब भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव देखा जा रहा है। अमेरिका ने रूस से तेल खरीदने पर भारत पर 50% टैरिफ और 25% अतिरिक्त शुल्क लगाया है। इसके अलावा, ट्रंप प्रशासन ने नए H-1B वीज़ा आवेदन पर 1,00,000 अमेरिकी डॉलर की फीस लगाने का निर्णय लिया है, जिससे भारतीय पेशेवरों में चिंता बनी है। हालांकि, मौजूदा वीज़ा धारकों और अमेरिका लौटने वालों पर यह शुल्क लागू नहीं होगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को ही अप्रत्यक्ष रूप से इस मुद्दे का जिक्र करते हुए कहा था कि भारत का सबसे बड़ा विरोधी उसकी अन्य देशों पर निर्भरता है। उन्होंने सेमीकंडक्टर, जहाज निर्माण और अन्य क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता पर जोर देने की बात कही थी। इस संबोधन में संभव है कि पीएम मोदी देश को आत्मनिर्भरता, आर्थिक सुधार और त्योहारी सीज़न की तैयारियों के बारे में विस्तृत जानकारी दें।
