पटना: वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान (निफ्ट) पटना ने आज केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह की मौजूदगी में आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल लिमिटेड (एबीएफआरएल) के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को उद्योग से जुड़ी तकनीकी दक्षता प्रदान कर उन्हें रोजगार से जोड़ना और उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि निफ्ट पटना पहले ही बेगूसराय में जीविका दीदियों के लिए सफल प्रशिक्षण कार्यक्रम चला चुका है। इस साझेदारी से प्रशिक्षित महिलाएं अब सीधे एबीएफआरएल की वस्त्र इकाई में काम कर सकेंगी। शुरुआती चरण में 3.5 लाख महिलाएं इससे लाभान्वित होंगी, और भविष्य में निकटवर्ती जिलों की महिलाएं भी इसमें शामिल होंगी।
समझौते के तहत स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) से जुड़ी जीविका दीदियों को निफ्ट पटना में परिधान निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और मशीनरी संचालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें बेगूसराय में स्थापित होने वाली एबीएफआरएल की नई विनिर्माण इकाई में रोजगार मिलेगा। इससे महिलाओं के कौशल विकास के साथ-साथ आजीविका का स्थायी मार्ग तैयार होगा।
बेगूसराय में आदित्य बिड़ला फैशन एण्ड रिटेल लिमिटेड की परिधान फैक्ट्री के स्थापना समारोह में शामिल हुआ। यह अवसर आप सबके आशीर्वाद व इच्छाशक्ति का परिणाम है।
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) September 12, 2025
इस इकाई की स्थापना व संचालन का केंद्र जीविका दीदियां हैं। विश्वास है कि निकट भविष्य में बेगूसराय से बने परिधान सम्पूर्ण… pic.twitter.com/8Oh9mMJXVr
बिहार के जीविका कार्यक्रम से अब तक 1.4 करोड़ से अधिक ग्रामीण महिलाएं जुड़ चुकी हैं। इस एमओयू से उनकी भूमिका स्थानीय उद्यमों से आगे बढ़कर मुख्यधारा की औद्योगिक अर्थव्यवस्था तक पहुंचेगी।
निफ्ट की शैक्षणिक विशेषज्ञता और एबीएफआरएल की उद्योगगत जरूरतों का यह संयोजन शिक्षा और उद्योग के बीच एक सहक्रियात्मक मॉडल प्रस्तुत करता है। यह मॉडल भविष्य में भारत के अन्य राज्यों में भी ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार सृजन का खाका साबित हो सकता है।
इस पहल से न केवल महिलाओं की वित्तीय स्वतंत्रता और सामाजिक सशक्तिकरण बढ़ेगा, बल्कि बेगूसराय में औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
