Mumbai Road Accident: सड़कों पर तेज रफ्तार से रेस लगाना कितना जानलेवा हो सकता है, इसका एक और भयानक उदाहरण मुंबई में सामने आया है। पुणे के पोर्श दुर्घटना कांड के बाद अब मुंबई की एक पोर्श कार रेसिंग के शक में चर्चा में आ गई है। कहा जा रहा है कि एक पोर्श और एक बीएमडब्ल्यू कार के बीच रेस लगी हुई थी, जिसके बाद पोर्श कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर यह पुष्टि नहीं की है कि हादसे की वजह रेस थी या कुछ और।
यह भीषण हादसा बुधवार रात मुंबई के वेस्टर्न एक्सप्रेसवे के जोगेश्वरी इलाके में हुआ। पुलिस के मुताबिक, तीन दोस्त अपनी महंगी लग्जरी पोर्श कार से जा रहे थे। कार की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि वह नियंत्रण में नहीं रह पाई और डिवाइडर से टकरा गई। पुलिस ने यह भी बताया कि यह मामला ड्रंक एंड ड्राइव (शराब पीकर गाड़ी चलाना) का नहीं है। हादसे में तेज रफ्तार नीली पोर्श कार डिवाइडर से टकराकर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे कार के ड्राइवर को गंभीर चोट आई है।
मौके पर मौजूद चश्मदीदों ने दावा किया है कि यह खौफनाक हादसा रेसिंग की वजह से हुआ है। उनका कहना है कि पोर्श और बीएमडब्ल्यू में रेस लगी हुई थी, जिसके बाद पोर्श अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। हादसे के बाद नीली पोर्श कार की हालत इतनी खराब थी कि वह पूरी तरह से क्षतिग्रस्त दिखाई दे रही थी, जिसे देखकर दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने चश्मदीदों के इस दावे पर अभी कुछ भी नहीं कहा है और वह मामले की गहराई से जांच कर रही है।
