दिल्ली: नॉर्थ वेस्ट जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 66 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है, जो राजधानी के अलग-अलग इलाकों में अवैध रूप से रह रहे थे। पकड़े गए लोगों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जो परिवार समेत चोरी-छिपे इन इलाकों में रह रहे थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि इनमें से किसी के पास वैध वीजा या दस्तावेज नहीं थे। सभी बांग्लादेशी नागरिक अवैध रूप से भारत में दाखिल हुए थे और पिछले कुछ समय से नॉर्थ वेस्ट जिले में छिपकर जीवन यापन कर रहे थे।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि सभी अवैध नागरिकों को आज FRRO (विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय) के डिपोर्टेशन सेंटर भेजा जाएगा, जहां से उन्हें देश से वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस तरह के अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा ताकि सुरक्षा और कानून व्यवस्था को कायम रखा जा सके।
